NIN Network

आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार हुए एक साल हो गए है। आज के ही दिन यानी 26 फरवरी को पिछले साल मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने भी गिरफ्तार किया, तभी से वह तिहाड़ जेल में बंद हैं।

मनीष सिसोदिया की AAP ने की तारीफ
सोमवार को आम आदमी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर मनीष सिसोदिया की तारीफ में कई पोस्ट किए। एक पोस्ट में आप ने कहा कि भारत में शिक्षा क्रांति के जनक मनीष सिसोदिया जी को सलाम! ये देश का दुर्भाग्य है कि देश का सबसे अच्छा शिक्षा मंत्री 1 साल से जेल में है, और सारे भ्रष्टाचारी BJP में हैं।

वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में कहा कि छोटे भाई मनीष सिसोदिया को याद करना चाहूंगा। आज ही के दिन एक साल पहले उन्हें एक झूठे केस में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन हम दुख नहीं मनाएंगे, हमें उन पर गर्व है। सभी खड़े होकर उन्हें सेल्यूट करें।

आप सरकार ने किया उल्लेखनीय कार्य- केजरीवाल
पक्ष-विपक्ष के मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सदन लोकतंत्र का मंदिर है। विपक्ष के नेताओं ने एलजी के अभिभाषण में हंगामा किया, गलत बात है। हमारे काम की चर्चा एलजी ने अपने अभिभाषण में ही नहीं की, बल्कि देश दुनिया में हो रही है। आज आम आदमी पार्टी का मॉडल पूरे देश को दिशा दिखा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली के क्षेत्र में आप सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किया है।

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि चार से पांच लाख बच्चों ने निजी स्कूल छोड़कर सरकारी स्कूलों में दाखिला लिया है, यह काम हम पूरे देश में कर सकते हैं। देश के दूसरे राज्यों में सरकारी स्कूल बंद करके निजी स्कूलों में जाने के लिए फोर्स किया जा रहा है। पांच लाख करोड़ में देश के सभी सरकारी स्कूल अच्छे बनाए जा सकते हैं।

राजघाट पहुंचे AAP विधायक
विधानसभा में बोलने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री राजघाट महात्मा गांधी की समाधि पर पहुंचे। उनके साथ आप के कई विधायक भी राजघाट पहुंचे। पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के जेल जाने के एक साल पूरे होने पर केजरीवाल मंत्रिमंडल और पार्टी के विधायकों और मंत्रियों के साथ बापू की समाधि पर पहुंचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *