\'नारीत्व पर कलंक...\', दुर्गापुर में MBBS छात्रा रेप केस में ममता बनर्जी के बयान पर बीजेपी ने क्या कहा?
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला लगातार चर्चा में है। बीते दिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसपर बयान दिया था, जिसके बाद ममता सरकार भी सवलों के घेरे में आ गई है। बीजेपी के कई नेताओं ने ममता के बयान पर उन्हें घेरना शुरू कर दिया है।
पश्चिम बंगाल गैंगरेप पर बयान देते हुए ममता बनर्जी ने सवाल पूछा था कि आधी रात छात्रा हॉस्टल से बाहर कैसे गई? उनके इस सवाल पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। बीजेपी ने उन्हें 'नारीत्व के नाम पर कलंक' बताया है।
बीजेपी ने ममता से मांगा इस्तीफा
बीजेपी ने ममता बनर्जी से इस्तीफे की मांग की है। बीजेपी का कहना है कि तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी पीड़िता पर दोष डाल रही है। अगर वो बुरे वक्त में महिलाओं का साथ नहीं दे सकती हैं, तो उन्हें राज्य की सत्ता अपने हाथ में लेने का कोई अधिकार नहीं होना चाहिए।
क्या था ममता बनर्जी का बयान?
बता दें कि ममता बनर्जी ने छात्राओं से देर रात बाहर न निकलने की अपील की है। खासकर जो छात्राएं दूसरे राज्य से पश्चिम बंगाल में आईं हैं, उन्हें हॉस्टल के नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है। सीएम ममता बनर्जी का यह बयान दुर्गापुर रेप कांड के बाद सामने आया।
दुर्गापुर दुष्कर्म मामला
ओडिशा से दुर्गापुर के एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ने आई MBBS की छात्रा खाना खाने के लिए अपने दोस्त के साथ बाहर निकली थी, तभी 3 लोगों ने उसका अपहरण कर लिया और जंगल में ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।