Share Market Crash: सुबह-सुबह ₹300000 करोड़ स्वाहा, शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा लुढ़का
नई दिल्ली: गुरुवार को शेयर बाजार खुलते ही बुरी तरह लुढ़क गया। बाजार खुलने के कुछ ही देर में सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा गिर गया। वहीं निफ्टी 50 में 300 अंकों से ज्यादा की गिरावट आई। बाजार की इस गिरावट से निवेशकों को सुबह-सुबह बड़ा नुकसान हो गया। राज्य चुनावों के एग्जिट पोल के अनुमान से बढ़ी अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में ऐतिहासिक उछाल के कारण निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा। वहीं वैश्विक और घरेलू अनिश्चितताओं के कारण निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। इसके चलते मार्केट में गिरावट आई।
सुबह 9:30 बजे बीएसई सेंसेक्स 951.32 अंकों की गिरावट के साथ 76,545.04 पर था। वहीं निफ्टी 50 में भी बड़ी गिरावट आई। यह 307.20 अंक गिरकर 23,870.45 पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार में गिरावट के कारण बीएसई पर लिस्ट कंपनियों का मार्केट कैप 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा गिरकर 465 लाख करोड़ रुपये रह गया। इससे पहले बुधवार को बाजार तेजी के साथ बंद हुआ था।