शनिवार, 7 मार्च 2026 | Loading Time...
शनिवार, 7 मार्च 2026 | Loading Time...

बिहार चुनाव से पहले बढ़ सकती हैं लालू परिवार की मुश्किलें, IRCTC घोटाले में फैसला आज

प्रकाशित: October 13, 2025, 10:39 AM | बिहार
बिहार चुनाव से पहले बढ़ सकती हैं लालू परिवार की मुश्किलें, IRCTC घोटाले में फैसला आज

भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) होटल घोटाला मामले में आरोप तय करने के संबंध में राउज एवेन्यू की विशेष अदालत सोमवार (13 अक्टूबर) को फैसला सुनाएगी। इसके लिए लालू यादव अपने परिवार के साथ कोर्ट पहुंच चुके हैं। 


दिल्ली में अपने आवास से कोर्ट के लिए निकलते हुए लालू यादव। 


बता दें कि इस मामले में अदालत ने 29 मई को निर्णय सुरक्षित रख लिया था। इसके बाद 24 सितंबर को विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी व बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उनके बेटे व पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सहित अन्य आरोपितों को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया था।


बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि चुनाव में फैसले का बड़ा असर देखने को मिल सकता है। यह मामला 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री के रूप में लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल के दौरान IRCTC होटलों के रखरखाव के ठेकों के आवंटन में भ्रष्टाचार के आरोपों से संबंधित है।


इस मामले में कुल 14 आरोपित हैं। आरोप है कि दो होटलों के रखरखाव के ठेके विजय व विनय कोचर की एक निजी फर्म सुजाता होटल को दिए गए थे।