फोन छूते ही 23 मिनट के लिए बुद्धु बन जाते हैं आप, राज शमानी भी चिंतित, लत को कम करने के 4 तरीके?
Raj Shamani on Phone: मशहूर यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर राज शमानी के ताजा सोशल मीडिया पोस्ट ने साल 2023 के एक सर्वे को फिर से चर्चा में ला दिया है। शमानी ने अपने पोस्ट में लिखा कि एक औसत व्यक्ति दिन में 144 बार अपना फोन चेक करता है और हर एक ‘चेक’ के बाद दिमाग को दोबारा पूरी तरह फोकस करने में 23 मिनट का समय लगता है। यानी फोन छूते ही 23 मिनट के लिए आप बुद्धु बन जाते हैं। राज शमानी का पोस्ट, स्मार्टफोन के अत्यधिक इस्तेमाल को लेकर उनकी चिंता को दिखाता है। इस लत को कम करने के 4 तरीके कारगर हो सकते हैं। इनमें फोन में ग्रेस्केल मोड को ऑन करना, नोटिफिकेशंस को लिमिट करना और फोन से दूरी बनाकर रखना जैसे तरीके शामिल हैं।
राज शमानी का पोस्ट
राज शमानी का पोस्ट साल 2023 के सर्वे पर आधारित है, जबकि एक बार फोन छूने के बाद दिमाग को रिफोकस करने में लगने वाले 23 मिनट की बात प्रोफेसर ग्लोरिया मार्क के अध्ययन पर बेस्ड है। यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया ने यह स्टडी की थी। इसमें कहा गया था कि किसी भी एक काम से ध्यान भटकने (Interruption) के बाद दिमाग को दोबारा उसी गहराई (Deep Focus) में लौटने के लिए औसतन 23 मिनट और 15 सेकंड का समय लगता है।
फोन की लत कम करने के 4 तरीके, पहला- ग्रेस्केल मोड
ग्रेस्केल मोड लगभग सभी स्मार्टफोन्स में दिया जाता है। नए एंड्रॉयड स्मार्टफोन में यह बेडटाइम मोड के नाम से आता है। मोड को ऑन करते ही स्क्रीन ब्लैक एंड वाइट में बदल जाती है। डिवाइस साइलेंट हो जाती है। सिर्फ अलार्म और जरूरी कॉल्स ही फाेन में आती हैं। बेडटाइम मोड को ऑन करने के लिए-
सेटिंग्स में जाएं।
- सर्च में ‘बेडटाइम मोड’ (bedtime mode) टाइप करें
- ऑप्शन पर जाकर ‘बेडटाइम मोड’ को ऑन कर लें।
- आप जब तक चाहें इसे ऑन रख सकते हैं।
2. खुद की पहुंच से दूर करें फोन
यह तरीका उन लोगों के लिए कारगर होगा जो फोन के बहुत आदी हो गए हैं।
कई महत्वपूर्ण शोध भी इसको लेकर प्रकाशित हुए हैं जो बताते हैं कि फोन को साइलेंट या उल्टा रखने पर अगर वह व्यक्ति की पहुंच में है तो फोन पर हाथ चला ही जाता है।
अगर फोन व्यक्ति की पहुंच से दूर रहेगा तो वह धीरे-धीरे फोन की लत को कम करता जाएगा, क्योंकि दिमाग व्यक्ति को उस फोन को ना छूने के लिए प्रेरित करता है।
3. नोटिफिकेशन को करें लिमिट
आजकल लोगों के फोन में बहुत अधिक नोटिफिकेशन आते हैं। इन्हें कम करके फोन से दूरी बनाई जा सकती है। ड्यूक यूनिवर्सिटी की एक रिसर्च के अनुसार, जो लोग दिन भर में केवल 3 बार नोटिफिकेशन प्राप्त करते हैं, वे उन लोगों की तुलना में बहुत कम तनावग्रस्त और अधिक उत्पादक (Productive) होते हैं जो हर नोटिफिकेशन पर फोन उठाते हैं। अपने फोन में नोटिफिकेशन को कम करने के लिए-
- सेटिंग्स में जाएं और नोटिफिकेशन लिखें।
- नोटिफिकेशन सेटिंग्स में जाकर ‘ऐप नोटिफिकेशन’ पर क्लिक करें।
- वहां आप देख पाएंगे कि किन-किन ऐप्स को नोटिफिकेशन भेजने के लिए परमिशन दी गई है।
- जिन ऐप्स से आप नोटिफिकेशन नहीं पाना चाहते, उन्हें टॉगल ऑफ कर दें।
4. डिजिटल वेलबींग फीचर को करें इस्तेमाल
सभी प्रमुख एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स में डिजिटल वेलबींग फीचर दिया जाता है। शनिवार 2 मई 2026 की सुबह साढ़े 10 बजे जब मैंने अपने फोन में इस फीचर पर टैप किया तो पता चला कि सुबह से मैं 14 बार अपने फोन को अनलॉक कर चुका हूं और 102 नोटिफिकेशन पा चुका हूं। डिजिटल वेलबींग के अंदर कई ऑप्शन मिलते हैं, जिनका इस्तेमाल करके आप अपने स्क्रीन टाइम और फोन छूने की लत को कम कर सकते हैं।
Courtesy