पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र बताकर बेचने वाला गिरफ्तार, ऑनलाइन बेचा था पेपर
पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 2024 का फर्जी प्रश्नपत्र बनाकर अभ्यर्थियों को आनलाइन बेचकर ठगी करने वाले 25
हजार के इनामिया जालसाज को हुसैनगंज पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने 12 लोगों को ठगी का शिकार बनाया था,
बार कोड से रकम ली थी।
एसीपी हजरतगंज विकास कुमार जायसवाल के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित मध्यप्रदेश के भोपाल के वैरागढ़ स्थित न्यू सैनिक कालोनी निवासी हरीश कुमार भगत है। वह मूल रूप से बिहार के रोहताश सासाराम दीनार इलाके के कोचस का निवासी है। पुलिस भर्ती बोर्ड के इंटरनेट मीडिया सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार ने इस मामले में 22 अगस्त को हरीश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
उन्होंने आरोप लगाया था कि यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती के फर्जी प्रश्नपत्र बनाकर हरीश कुमार अभ्यर्थियों से संपर्क कर रहा था। आनलाइन बारकोड़ भेजकर 25 से 50 हजार रुपये पेपर के ले रहा था। कई लोगों को जाल में फंसाया, जिनमें 12 लोगों ने आगे आकर शिकायत की थी। उन सभी से आनलाइन रकम मंगाई थी।