शनिवार, 7 मार्च 2026 | Loading Time...
शनिवार, 7 मार्च 2026 | Loading Time...

PM मोदी आज डेरा बल्लां में होंगे नतमस्तक, हलवारा हवाई अड्डे का करेंगे उद्घाटन; पंजाब को मिलेगा एक और एयरपोर्ट

प्रकाशित: February 1, 2026, 11:05 AM | पंजाब
PM मोदी आज डेरा बल्लां में होंगे नतमस्तक, हलवारा हवाई अड्डे का करेंगे उद्घाटन; पंजाब को मिलेगा एक और एयरपोर्ट

चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को श्री गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व पर जालंधर स्थित डेरा बल्लां में नतमस्तक होने के लिए दोपहर को पहुंच रहे हैं।


पहले डेरा बल्लां प्रमुख संत निरंजन दास को केंद्र सरकार की ओर से पद्मश्री सम्मान की घोषणा, फिर उसके एक पखवाड़े के भीतर ही प्रधानमंत्री का डेरा दौरा, राज्य में आगामी वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


भाजपा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री गुरु रविदास जी की जयंती पर केवल डेरा बल्लां में नमन करने के लिए आ रहे हैं, यह कोई राजनीतिक प्रोग्राम नहीं है लेकिन उनके इस दौरे को राजनीतिक दृष्टिकोण से भी देखा जा रहा है।


खास कर दोआबा की राजनीति में अहम स्थान रखने वाले डेरा बल्लां में प्रधानमंत्री का आना बेहद खास माना जा रहा है। प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान लुधियाना के हलवारा में बने एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे साथ ही जालंधर के आदमपुर में ही बने एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखने की आधिकारिक घोषणा भी करेंगे।


भाजपा चाहे इसे राजनीतिक प्रोग्राम न माने लेकिन पीएम की आमद को लेकर जिस प्रकार से सभी राजनीतिक पार्टियों ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम गुरु रविदास के नाम पर रखने, रविदासिया समुदाय को अलग धर्म मानने की मांग करने जैसी मांगें उठा दी हैं।


उससे साफ है कि हर राजनीतिक पार्टी की नजर इस वोट बैंक पर लगी हुई है। पीएम का दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि वे जिस वाराणसी संसदीय क्षेत्र से चुनकर आए हैं, वह भी गुरु रविदास जी का जन्म स्थल है।