बुधवार, 10 जून 2026 | Loading Time...
बुधवार, 10 जून 2026 | Loading Time...

बंगाल में नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के 10 दिन बाद हुआ विभागों का बंटवारा, किसे मिला कौन-सा मंत्रालय?

प्रकाशित: June 10, 2026, 2:50 PM | पश्चिम बंगाल
बंगाल में नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के 10 दिन बाद हुआ विभागों का बंटवारा, किसे मिला कौन-सा मंत्रालय?

बंगाल में शुभेंदु अधिकारी की अगुवाई वाली नई भाजपा सरकार में मंत्रियों के विभागों का आखिरकार बंटवारा हो गया है। राज्य सरकार ने एक जून को पहले मंत्रिमंडल विस्तार के तहत शपथ ग्रहण के 10 दिन बाद 35 नए मंत्रियों के बीच विभागों के आवंटन की बुधवार को आधिकारिक घोषणा कर दी।


मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गृह व पर्वतीय, सूचना व संस्कृति, बिजली, भूमि एवं भूमि राजस्व, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास ही रखे हैं। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वप्न दासगुप्ता को वित्त विभाग की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।


दो साल पहले तृणमूल कांग्रेस छोड़कर आने वाले वरिष्ठ विधायक तापस राय को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का जिम्मा वरिष्ठ चिकित्सक एवं विधाननगर से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए डॉ. शारद्वत मुखर्जी को दिया गया है।



नोआपाड़ा के विधायक और पूर्व सांसद अर्जुन सिंह को परिवहन एवं श्रम विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। शिक्षा विभाग को फिर से दो हिस्सों में बांटा गया है। उच्च शिक्षा सहित तकनीकी शिक्षा और कौशल व प्रशिक्षण विभाग की जिम्मेदारी जगन्नाथ चटर्जी को दी गई है।


वहीं, स्कूल शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी उत्तर बंगाल से आने वाले वरिष्ठ विधायक दीपक बर्मन को दी गई है। बर्मन को स्कूल शिक्षा के साथ आवास और एमएसएमई विभाग का दायित्व भी दिया गया है।


इसके अलावा, कृषि विभाग दूध कुमार मंडल को दिया गया है। उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी से विधायक शंकर घोष को संसदीय कार्य विभाग के साथ

पर्यटन विभाग का जिम्मा भी सौंपा गया है। उत्तर बंगाल से ही आने वाले मनोज उरांव को वन एवं पर्यावरण विभाग का जिम्मा दिया गया है।


पश्चिम बर्द्धमान जिले के आसनसोल के पास कुल्टी से विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।


मुर्शिदाबाद से विधायक गौरीशंकर घोष को पिछड़ा कल्याण विभाग, जन शिक्षा विस्तार एवं पुस्तकालय सेवा विभाग दिया गया है। अरुप कुमार दास को सिंचाई और जल संसाधन विभाग का जिम्मा दिया गया है।


डॉ. इंद्रनील खान को मिला खेल विभाग

स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्री में डा इंद्रनील खान को खेल व युवा विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। यह मंत्रालय पहले निशिथ प्रमाणिक के पास था। प्रमाणिक के पास अब उत्तर बंगाल विकास और जल संसाधन जांच व विकास विभाग का जिम्मा रहेगा।


अग्निमित्रा पाल से लिया गया महिला कल्याण विभाग

कैबिनेट मंत्री अग्निमित्रा पाल से महिला व बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग का जिम्मा वापस ले लिया गया है। इस विभाग की जिम्मेदारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मालती रावा राय को सौंपा गया है। महिला व बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग के अलावा राय को स्वयं सहायता समूह एवं स्वरोजगार विभाग तथा कार्यक्रम निगरानी विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।


गौरतलब है कि चार मई को घोषित विधानसभा चुनाव परिणामों में भाजपा ने 294 में से 207 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। इसके बाद नौ मई को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत पांच मंत्रियों ने शपथ ली थी।


इसके बाद पहले मंत्रिमंडल विस्तार के तहत एक जून को लोक भवन में 35 अन्य मंत्रियों को शपथ दिलाई गई थी। तब से मंत्रियों के विभागों को लेकर अटकलें चल रही थीं, जिन पर 10 दिन बाद अब विराम लग गया है।


कैबिनेट मंत्री


1. सुवेंदु अधिकारी : मुख्यमंत्री और गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग, भूमि एवं भूमि सुधार, शरणार्थी राहत एवं पुनर्वास, विद्युत, सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार, विभाग और अन्य मंत्रियों को आवंटित न किए गए अन्य विभागों के प्रभारी मंत्री

2. निशिथ प्रामाणिक : उत्तर बंगाल विकास और जल संसाधन जांच एवं विकास

3. अशोक कीर्तनिया : खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और सहकारिता

4. दिलीप घोष : पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और कृषि विपणन

5. खुदीराम टुडू : जनजातीय विकास एवं अल्पसंख्यक मामलों का विभाग और मदरसा शिक्षा

6. अग्निमित्रा पाल : शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों का विभाग

7. दीपक बर्मन : स्कूल शिक्षा, आवास, एमएसएमई एवं वस्त्र विभाग

8. तापस राय : उद्योग, वाणिज्य और उद्यम, सार्वजनिक उद्यम और औद्योगिक पुनर्निर्माण

9. डा शंकर घोष : संसदीय कार्य विभाग और पर्यटन

10. मनोज कुमार उरांव : वन और पर्यावरण

11. अर्जुन सिंह : श्रम एवं परिवहन

12. गौरी शंकर घोष : पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और जन शिक्षा विस्तार एवं पुस्तकालय सेवा

13. जगन्नाथ चट्टोपाध्याय : उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास

14. स्वपन दासगुप्ता : वित्त

15. डा. कल्याण चक्रबर्ती : सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रानिक्स, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी और खाद्य प्रसंस्करण

16. डा शरद्वत मुखर्जी : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण

17. अरूप कुमार दास : सिंचाई एवं जलमार्ग

18. डा. अजय कुमार पोद्दार : जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और लोक निर्माण

19. दूध कुमार मोंडल : कृषि विभाग


राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)

1. मालती रावा राय : महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण

2. राजेश महता : पशु संसाधन विकास विभाग और मत्स्य पालन

3. डा. इंद्रनील खान : युवा एवं खेल विभाग और उपभोक्ता मामले


राज्य मंत्री


1. जोएल मुर्मु : जनजातीय विकास विभाग और सिंचाई एवं जलमार्ग

2. आनंदमय बर्मन : परिवहन एवं वित्त

3. अशोक डिंडा : कृषि विपणन और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं वस्त्र

4. नाडियार चंद बोरी : लोक निर्माण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण

5. विशाल लामा : गृह एवं पर्वतीय मामले, अल्पसंख्यक मामलों का विभाग और मदरसा शिक्षा

6. शांतनु प्रमाणिक : खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और पंचायत एवं ग्रामीण विकास

7. मौमिता बिस्वास मिश्रा : उद्योग, वाणिज्य और उद्यम विभाग तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी

8. उमेश राय : संसदीय कार्य विभाग, शहरी विकास और नगरपालिका कार्य

9. पूर्णिमा चक्रवर्ती : सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों का विभाग और पर्यटन

10. कौशिक चौधरी : स्कूल शिक्षा विभाग और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा

11. डा.हरे कृष्ण बेरा : उच्च शिक्षा एवं तकनीकी

12. भास्कर भट्टाचार्य : सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और श्रम

13. दिबाकर घरामी : सहकारिता विभाग, वन एवं पर्यावरण

14. अमिय किस्कू : खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं बागवानी विभाग, कृषि विभाग, आवास

15. कलिता माजी : विद्युत विभाग और गैर-पारंपरिक और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत

16. गार्गी दास घोष : विद्युत

17. एडवोकेट बिराज बिस्वास : विधि विभाग, न्यायिक विभाग और उत्तर बंगाल विकास

18. दीपांकर जाना : भूमि एवं भूमि सुधार, शरणार्थी राहत एवं पुनर्वास विभाग और सुंदरबन मामलों का विभाग

19. सुमना सरकार : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण