नोएडा से दिल्ली जाने वाले ध्यान दें: निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक एडवाइजरी, आज रात से कई रूट रहेंगे डायवर्ट
नोएडा। यदि आप गुरुवार को दिल्ली के किसी क्षेत्र में जाना चाहते हैं या पर्यटन स्थल पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले यातायात पुलिस के डायवर्जन प्लान को जरूर समझ लें। स्वतंत्रता दिवस पर लालकिले में होने वाले ध्वजारोहण के दौरान भारतीय सेनाओं की परेड सलामी और सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय कार्यक्रम के अभ्यास के दौरान शहर के प्रमुख मार्गाें पर वाहनों का डायवर्जन रहेगा।
यातायात पुलिस के प्रभारी डीसीपी अभय कुमार मिश्र का कहना है कि डायवर्जन बुधवार रात दस बजे बृहस्पतिवार को कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा। इसी तरह शुक्रवार रात दस बजे से लेकर शनिवार दोपहर में कार्यक्रम सम्पन्न होने पर वाहन डायवर्ट किए जाएंगे। यातायात संचालन में किसी भी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर - 9971009001 जारी किया है।
दिल्ली जाने के लिए कुछ इस तरह समझें यातायात का डायवर्जन प्लान
- चिल्ला रेड लाइट (बार्डर) से वाहन चालक बार्डर पर यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होकर गंतव्य के लिए जाएंगे।
- डीएनडी (बॉर्डर) पर टोल प्लाजा से यू-टर्न होकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आगे बढ़कर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होते हुए गंतव्य के लिए निकलेंगे।
- कालिंदी-कुंज यमुना (बार्डर) पर वाहनों को अंडरपास तिराहा से डायवर्ट कर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे के जरिए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होकर भेजा जाएगा।
- यमुना एक्सप्रेसवे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहन चालक जीरो प्वाइंट से परी चौक, पी-3 कासना, सिरसा से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर गंतव्य की ओर निकलेंगे।
- यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों को फलेदा कट, रबूपुरा से सर्विस रोड होकर गलगोटिया, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय से वाया पुस्ता तिराहे से होकर सीएल चौक से करवा कासना के बाद ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा।
- यातायात डायवर्जन के दौरान चिकित्सकीय और अग्निशमन की गाड़ियों को सकुशल पास कराया जाएगा।