PM को अपशब्द कहने वाली लड़की पर कार्रवाई नहीं करेगी दिल्ली पुलिस, FIR रद करने का लिया फैसला
नई दिल्ली। बीते दिनों जंतर-मंतर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्द बोलने वाली 15 वर्षीय लड़की के खिलाफ कोई पुलिस केस दर्ज नहीं किया जाएगा। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है।
पहले उम्र बताई गई थी 25 साल
घटना जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई थी। बाद में वायरल हुए एक वीडियो में लड़की प्रधानमंत्री के खिलाफ तीखे अपशब्द बोलती नजर आई थी। नोएडा पुलिस ने शुरू में जीरो एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें उसकी उम्र गलत तरीके से 25 साल बताई गई थी।
लड़की ने वीडियो किया था जारी
इस मामले में कुछ समय बाद लड़की ने खुद एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उसने स्पष्ट करते हुए कहा था, 'मैं सिर्फ 15 साल की हूं। मैंने जो कुछ किया, वह माफी के लायक नहीं है। मैंने बहुत-सी बुरी बातें कही हैं। यह मेरी पहली और आखिरी गलती है। मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं। मुझे बहुत शर्म आ रही है।' उसने दावा किया था कि वह प्रदर्शन स्थल पर दूसरों के बहकावे में आकर ये बातें बोली थी।
पीएम ने भी की थी अपील
पुलिस ने मामले की जांच की और उसकी नाबालिग उम्र की पुष्टि होने के बाद आगे कोई कार्रवाई न करने का फैसला लिया है। सूत्रों के अनुसार, उसके खिलाफ कोई औपचारिक केस दर्ज नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना का जिक्र किया था। एक इंस्टाग्राम रील में उन्होंने कहा था कि उन्होंने प्रदर्शन में शामिल 'भटके हुए बच्चों' को माफ कर दिया है।
क्या कहा था पीएम नरेंद्र मोदी ने?
पीएम ने कहा था, 'उन्हें सजा देने या अदालतों के चक्कर लगवाने से कुछ नहीं बदलेगा। मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं। समाज से भी गुजारिश है कि मेरी बात को स्वीकार करें।' उन्होंने यह भी कहा था कि गालियों से कभी कोई समस्या हल नहीं होती और समाज को ऐसे युवाओं को सही राह दिखानी चाहिए, न कि बदला लेना चाहिए। सोशल मीडिया पर छाए रहने वाले इस मामले को अब कानूनी और प्रधानमंत्री के अनुसार व्यक्तिगत स्तर पर भी बंद माना जा रहा है।
दिल्ली पुलिस ने पीछे किए कदम
दिल्ली पुलिस मुख्यालय के आधिकारिक सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। पीएम के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने यह फैसला किया है। इस मामले में नोएडा पुलिस ने युवती के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की थी और केस को बीते शनिवार को संसद मार्ग थाने को भेज दिया गया था। संसद मार्ग थाना पुलिस ने कोई केस दर्ज करने से इंकार कर दिया है। युवती के खिलाफ अब किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की जायेगी।