प्रयागराज में बाजार से युवती का दिनदहाड़े अपहरण, गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम, पथराव और हंगामा
प्रयागराज। यमुनापार के मेजा थाना क्षेत्र के एक गांव की एक युवती का शुक्रवार को दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। जब तक लोग समझ पाते काले रंग की स्कार्पियो सवार लोगों ने 19 वर्षीय युवती को अंदर घसीट लिया और भाग निकले। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद आक्रोशित लोगों ने प्रयागराज-मीरजापुर हाईवे पर बवाल किया। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर माने लेकिन कुछ देर बाद फिर रास्ताजाम कर दिया। मेजा के विधायक संदीप पटेल वहां पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया।
दोपहर 12 बजे की घटना
बताया जाता है कि युवती शुक्रवार दोपहर लगभग साढ़े 12 अपनी बहन के साथ गांव के बाहर बाजार में खरीदारी करने गई थी। इसी दौरान स्कार्पियो सवार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही उसके पिता, परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ ही देर में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ वहां जुट गई। आक्रोशित लोगों ने पथराव शुरू कर दिया।
एसीपी ने समझाने पर माने आक्रोशित लोग
युवती का अपहरण और ग्रामीणों के बवाल की सूचना पर एसीपी मेजा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को आश्वस्त किया कि अपह्रत किशोरी को किसी भी तरह बरामद किया जाएगा, तब जाकर उनका आक्रोश शांत हुआ। हालांकि कुछ देर बाद फिर भड़क गए और दोबारा जाम लगा दिया। इसके बाद मेजा के विधायक दीपक पटेल पहुंचे और लोगो को समझाया-बुझाया।
सीसीटीवी फुटेज से अपहर्ताओं तक पहुंचने का प्रयास
फिलहाल अभी तक पुलिस को यह नहीं पता चल सका है कि आखिर इस सनसनीखेज वारदात को किसने अंजाम दिया है। पुलिस आसपास के बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर अपहरणकर्ताओं के बारे में पता करने का प्रयास कर रही है।