पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई फोन पर बात, पढ़ें किन-किन मुद्दों पर हुई चर्चा
दीवाली के शुभ मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के बीच बातचीत हुई है। इस बात की जानकारी प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने दीवाली पर शुभकामनाएं देने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति को धन्यवाद भी दिया। पीएम मोदी ने कहा कि दो महान लोकतंत्र दुनिया को उम्मीद की रोशनी दे रहे हैं।
पीएम मोदी का पोस्ट
बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप को उनके फोन कॉल और दीवाली की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि रोशनी के इस त्योहार पर, हमारे दो महान लोकतंत्र दुनिया को उम्मीद की रोशनी देती रहें और हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहें।
राष्ट्रपति ट्रंप ने दी दीवाली की बधाई
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भारतीय लोगों को दीवाली के खास मौके पर शुभकामनाएं दी। वाशिंगटन स्थित व्हाइट हाउस में एक दीवाली कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि वह भारत के लोगों से प्यार करते हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना भी की। ट्रंप ने कहा कि पीएम मोदी महान नेता हैं।