मंगलवार, 15 सितंबर 2026 | Loading Time...
मंगलवार, 15 सितंबर 2026 | Loading Time...

उमा भारती का एलान, 2029 में फिर लड़ेंगी लोकसभा चुनाव, चुना गाय-गंगा का मुद्दा

प्रकाशित: October 30, 2025, 7:34 AM | राजनीति

नई दिल्ली। दलीय राजनीति से अलग-थलग दिख रहीं मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती एक बार फिर चुनाव में उतरने की तैयारी कर रही हैं। इसके लिए उन्होंने गाय और गंगा का मुद्दा चुना है।


बुधवार को भोपाल के अयोध्या नगर दशहरा मैदान पर आयोजित संकल्प सभा में उन्होंने 2029 का लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की। कहा कि गोवंश और गंगा के प्रति मेरी ध्येयनिष्ठा सर्वविदित है, इसलिए इनसे जुड़े कामों को और प्रभावी बनाने के लिए 2029 में फिर लोकसभा चुनाव लडूंगी।


जब तक देश में गोसंवर्धन नहीं होगा और गंगा निर्मल नहीं होगी, तब तक राम का काम अधूरा है। गोपाष्टमी पर आयोजित गौ संवर्द्धन संकल्प सभा में संस्कृति मंत्री धर्मेन्द्र सिंह, पवई विधायक प्रहलाद सिंह, पिछोर विधायक प्रीतम सिंह और बंडा विधायक वीरेन्द्र सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।


भ्रष्टाचार की लंका जलाने का समय

उमा भारती ने कहा कि भ्रष्टाचार की वजह से बाबुओं के पास करोड़ों की संपत्ति है। कर्मचारियों के दो-दो करोड़ के मकान बने हुए हैं, लेकिन किसान भोलेनाथ की तरह भोले हैं। इससे काम नहीं चलेगा। अब हनुमानजी की तरह रौद्र रूप दिखाकर सोने की लंका दहन करने का समय आ गया है। भ्रष्टाचारियों को जड़ से खत्म करना है।