गुरुवार, 13 अगस्त 2026 | Loading Time...
गुरुवार, 13 अगस्त 2026 | Loading Time...

गोरखपुर: 8 दिन पहले दर्ज कराई थी 1.40 करोड़ की ठगी की FIR, अब अपार्टमेंट की 8वीं मंजिल से कूदकर डॉक्टर ने दी जान

प्रकाशित: August 13, 2026, 12:18 PM | उत्तर प्रदेश
गोरखपुर: 8 दिन पहले दर्ज कराई थी 1.40 करोड़ की ठगी की FIR, अब अपार्टमेंट की 8वीं मंजिल से कूदकर डॉक्टर ने दी जान

गोरखनाथ क्षेत्र के बसंत इंक्लेव अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से गुरुवार सुबह पशु चिकित्सक डा. परमात्मा सिंह ने कूदकर जान दे दी। परिजन उन्हें खून से लथपथ हालत में पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।


पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें जेल भेजी गई जालसाजी की आरोपित गरिमा सिंह का नाम लिखा है। डा. परमात्मा सिंह ने आठ दिन पहले एम्स थाने में गरिमा और गिरोह के विरुद्ध 1.40 करोड़ रुपये की ठगी करने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


पुलिस के अनुसार, डा. परमात्मा सिंह मूल रूप से मऊ के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के बरबोझी के रहने वाले थे और वर्तमान में गोरखनाथ के बसंत इंक्लेव के बी-213 ब्लाक में परिवार के साथ रह रहे थे। वह पेशे से पशु चिकित्सक थे और वर्तमान में महराजगंज जिले के एक ब्लाक में तैनात थे।


डा. परमात्मा सिंह ने पांच अगस्त को एम्स थाने में गरिमा और उसके गिरोह के विरुद्ध 1.40 करोड़ रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपितों में गरिमा के अलावा उसके सेवानिवृत्त रेलकर्मी पिता और शिक्षक पति समेत अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस इस मामले में गरिमा और उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।


इस गिरोह के विरुद्ध अब तक एम्स थाने में तीन और सहजनवा थाने में एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस छह मामलों की जांच कर रही है। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि डा. परमात्मा सिंह ने अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से छलांग लगा दी है। कमरे की तलाशी लेने पर सुसाइड नोट मिला है। उसमें गरिमा का नाम लिखा है। पुलिस सुसाइड नोट और ठगी के मुकदमे से जुड़े तथ्यों को भी जांच में शामिल कर रही है।


पत्नी भी हैं पशु चिकित्सक

डा. परमात्मा सिंह की पत्नी सावित्री सिंह भी पशु चिकित्सक हैं। दंपती अपने दो बच्चों, एक बेटा और एक बेटी के साथ बसंत इंक्लेव में रहते थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। गोरखनाथ थाना प्रभारी के अनुसार, सुसाइड नोट, ठगी के मुकदमे और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।