आंध्र प्रदेश में दक्षिण एनर्जी के प्लांट में लगी भीषण आग, 2 कर्मचारियों की जलकर मौत; दो अंदर फंसे
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ले जिले में एक यूनिट में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। आग दक्षिण एनर्जी की यूनिट में लगी। इसमें दो कर्मचारियों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य के प्लांट में फंसे होने की आशंका है।
मृतकों की पहचान त्रिनाथ और वेंकटेश के रूप में हुई है। दोनों ही अनाकापल्ले जिले के अच्युतापुरम के रहने वाले थे। आग कैसे लगी इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के बाद कई कर्मचारी यूनिट से बाहर निकलने में सफल रहे।
प्लास्टिक मैटेरियल के कारण तेजी से फैली आग
दक्षिण एनर्जी प्लास्टिक पायरोलिसिस ऑयल और कार्बन ब्लैक बनाती है। लोगों का कहना है कि यूनिट में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई। बीते कुछ महीनों में विशाखापत्तनम क्षेत्र में कई इंडस्ट्रियल दुर्घटनाएं देखने को मिली हैं।
पुलिस के मुताबिक, आग बुझाने का काम जारी है और उस पर जल्द से जल्द काबू पाने की कोशिश की जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि आग बुझने के बाद विभिन्न विभागों की टीमें घटनास्थल का निरीक्षण करेंगी और दुर्घटना के कारणों की जांच करेंगी।
अभी सोमवार को ही लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 छात्रों की मौत हो गई। मामले में जांच के लिए दो सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया गया है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।