शनिवार, 2 मई 2026 | Loading Time...
शनिवार, 2 मई 2026 | Loading Time...

कौशांबी में बीयर के बार कोड से पकड़ा गया कातिल लिव-इन-पार्टनर, हाईवे पर बक्से में मिला था युवती का शव

प्रकाशित: May 1, 2026, 9:20 AM | उत्तर प्रदेश
कौशांबी में बीयर के बार कोड से पकड़ा गया कातिल लिव-इन-पार्टनर, हाईवे पर बक्से में मिला था युवती का शव

कौशांबी। अमेठी की मोनी वर्मा की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि कानपुर के रहने वाले उसके लिव-इन-पार्टनर हर्ष खियानी उर्फ बिट्टू ने ही की थी। पुलिस को इस शातिर हत्यारे तक पहुंचने में एक बार कोड के सहारे सफलता मिली।


यह बार कोड बीयर के बोतल की थी। 15 अप्रैल को कोखराज के चकिया गांव के समीप हाईवे किनारे एक लोहे के बॉक्स में मोनी के शव से लिपटे दुपट्टे में चिपके बार कोड ने सारा राज खोल कर रख दिया।


कोखराज कोतवाली के चकिया गांव के समीप हाईवे किनारे 15 अप्रैल की शाम कानपुर की तरफ से आए कार सवार एक लोहे का बॉक्स फेंककर भाग निकले थे। पुलिस को उसमें 30 वर्षीय महिला का शव मिला था। पुलिस महिला की शिनाख्त की प्रयास में जुटी।


बक्से में मिला था महिला का शव

इंटरनेट मीडिया में प्रसारित मृतका की फोटो और समाचार पर 26 अप्रैल को उसके भाई धर्मराज की नजर पड़ी तो वह तत्काल कौशांबी पुलिस की संपर्क में आ गया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी बहन लिव इन रिलेशन में कानपुर के हर्ष खियानी उर्फ बिट्टू नाम के व्यक्ति के साथ रह रही थी।


उसकी फोटो भी उपलब्ध करा दी। उधर, फोरेंसिक टीम ने मृतका के कपड़ों की जांच की तो अहम सुराग हाथ लगा। दुपट्टे के एक कोने में शराब की बोतल का बार कोड चिपका था। टीम ने बार कोड स्कैन किया तो पता चला कि बोतल कानपुर के कल्याणपुर स्थित एवन मार्केट से खरीदी गई थी।


पुलिस ने उस दुकान की पहचान कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज में मोनी का लिव इन पार्टनर हर्ष खियानी उर्फ बिट्टू बीयर खरीदते दिखाई पड़ा। पुलिस उसके पीछे लग गई। मृतका के भाई धर्मराज ने पुलिस को बताया कि हर्ष वारदात अंजाम देने के दो दिन बाद यानी 17 अप्रैल को उसके घर अमेठी पहुंचा था। वहां उसने बताया कि मोनी घर से नकदी व गहने लेकर कहीं चली गई है।


वह अमेठी में रात भर रुका भी था। उसकी बात सुनकर इस बात का जरा भी अंदेशा नहीं हुआ कि मोनी की हत्या करके वह उनके यहां आया है। आखिरकार पुलिस ने 27 अप्रैल को कोखराज के पास से हर्ष खियानी उर्फ बिट्टू को उसके एक साथी के साथ धर दबोचा।


सीओ क्राइम शिवांक सिंह ने बताया कि मोनी वर्मा की हत्या गला घोंटकर की गई थी। कातिल ने कानपुर के एवन मार्केट से बीयर खरीदी थी। मृतका के दुपट्टे में बोतल का बार कोड चिपका मिला था। इसे आधार बनाते हुए पुलिस टीम को कातिल तक पहुंचने में सफलता मिली।